वृंदावन के चामुंडा घाट पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां यमुना में नहाने गए 18 वर्षीय युवक रवि निषाद की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रवि निषाद अपने पिता चन्नी निषाद और चचेरे भाई नंदकिशोर के साथ यमुना घाट पर नहाने गया था। नहाते समय रवि अचानक गहरे पानी में चला गया और लहरों में समा गया। परिजनों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने लगभग 30 फीट गहरे पानी से युवक का शव बरामद किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि रवि मजदूरी करता था और शुक्रवार को छुट्टी होने के कारण खेत पर गया था, जहां से वह यमुना नहाने पहुंचा।
उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए शव का पंचनामा भरकर उन्हें सौंप दिया गया।