फतेहपुर सीकरी/आगरा। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरिया ताजपुर, विकास क्षेत्र : फतेहपुर सीकरी जनपद – आगरा की दुर्गा शक्ति गाइड कंपनी ने” जीरो हंगर “कार्यशाला का आयोजन किया। *”भूख मिटाओ, भविष्य बनाओ”*कार्यशाला का उद्घाटन ग्राम प्रधान अनिल कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा की जीरो हंगर के लक्ष्य को हासिल करने से हमें कई लाभ होंगे। इससे हमारे समाज में स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में सुधार होगा और हमारे देश की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
गाइड सुहाना ने कार्यशाला के माध्यम से ग्राम वासियों को जीरो हंगर के बारे में जानकारी दी की भूख और कुपोषण एक बड़ी समस्या है जिसका सामना हमारे देश और दुनिया भर के लोग कर रहे हैं। हमें इस समस्या का समाधान ढूंढने के लिए एकजुट होना होगा। हमें अपने आसपास के लोगों की मदद करनी होगी और उन्हें भोजन और पोषण के बारे में जानकारी देनी होगी जिससे भोजन की बर्बादी को रोका जा सके।
यूनिट लीडर रेनू भारद्वाज ने बताया कि भुखमरी से बचने के लिए भोजन बर्बाद न करें। जीरो हंगर कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एस डी जी) के लक्ष्य 2 से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक भूख और कुपोषण को समाप्त करना है और भविष्य को पोषित किया जा सके। कार्यशाला के अंत में प्रधान अध्यापक हीलेंद्र शर्मा ने उपस्थित सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया व दुर्गा शक्ति गाइड कंपनी की समस्त गाइड के उज्जवल भविष्य की कामना की।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर