हाथरस: जंक्शन क्षेत्र के वर्मा मेडिकल के सामने दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने 22 अप्रैल की देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए। फायरिंग से व्यापारियों में दहशत फैल गई। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए। लोगों के एकत्रित होते ही बाइक सवार युवक भाग जाने में सफल हो गए।

जंक्शन क्षेत्र के ओवरब्रिज के निकट मुख्य बाजार में 22 अप्रैल की रात करीब नौ बजे दो बाइकों पर चार नकाबपोश युवक आए। आरोपियों ने बाइक को वर्मा मेडिकल के सामने रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी।  इसके बाद तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर व्यापारियों में खलबली मच गई। मौके पर भगदड़ मच गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर धीरे-धीरे लोग एकत्रित हो गए। भीड़ को बढ़ता हुआ देख आरोपी भाग जाने में सफल हो गए। बताया जा रहा है कि सोमवार को पुल के नीचे किराये के विवाद में मारपीट हुई थी। इस घटना को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस व सीओ सिकंदराराऊ मौके पर आ गए। पुलिस ने व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। इधर, पुलिस दुकानाें के आगे लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है। सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

Exit mobile version