फतेहपुर सीकरी/आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस के अभियान मिशन शक्ति–5.0 के अंतर्गत डीसीपी वेस्ट के निर्देशन में थाना फतेहपुर सीकरी की मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान टीम द्वारा सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य उपयोगी नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की स्थिति में बिना भय के पुलिस को सूचित करने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायत मिलने पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा व विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर

