मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में नागरिक सुरक्षा कोर (सिविल डिफेंस) का साप्ताहिक प्रशिक्षण शिविर मथुरा के बाबू शिवनाथ अग्रवाल कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।यह प्रशिक्षण शिविर 17 फरवरी से 23 फरवरी तक बीएसए कॉलेज मथुरा के परिसर में आयोजित किया गया। शिविर के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को आपात स्थिति एवं आपदाओं के दौरान बचाव कार्य,जनसमुदाय की सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, राहत प्रबंधन एवं जनहानि को कम करने के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में सिविल डिफेंस की स्थापना,उद्देश्य एवं निस्वार्थ सेवा भाव से किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।शिविर में लगभग 180 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया।
समापन समारोह 23 फरवरी को आयोजित किया गया, जिसमें साप्ताहिक प्रशिक्षण के आधार पर लिखित परीक्षा संपन्न कराई गई।सभी प्रतिभागियों को सिविल डिफेंस अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।शिविर में मुख्य रूप से (नियंत्रक-नागरिक सुरक्षा कोर) सुमित मौर्या,चीफ वार्डेन राजीव अग्रवाल,डिप्टी वार्डेन कल्याण चंद्र अग्रवाल, नियंत्रक नागरिक सुरक्षा चंद्र कुमार मौर्या, उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज श्रीवास्तव, स्टाफ ऑफिसर दीपक बैंकर,डिविजन वार्डेन भारत भूषण तिवारी,राजेश मित्तल,जगदीश तथा डिप्टी पोस्ट वार्डेन-10 कोमल सिंह,रिंकी का विशेष सहयोग रहा।प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में राहुल गौड़ (ब्यूरो चीफ, हिंदी दैनिक ज़िला नज़र समाचार पत्र), शुभम रावत, अनुराग बंसल, पूनम गोला सहित अन्य प्रतिभागियों ने बताया कि शिविर में अत्यंत उपयोगी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है, लेकिन प्रशिक्षण के माध्यम से वे आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाकर बड़ी जनहानि को कम करने में सहयोग करेंगे तथा समाज में जागरूकता फैलाएंगे, जिससे आपदा की स्थिति में जनजीवन को सुरक्षित बनाया जा सके।
