वृंदावन।भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों ने लगभग एक घंटे तक सत्संग में भाग लिया और हाथ जोड़कर ध्यानपूर्वक प्रवचन सुना। सत्संग के बाद उन्होंने प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनकी बेटी वामिका साथ नजर नहीं आई।

दिल्ली से पहुंचे वृंदावन

सूत्रों के अनुसार, विराट और अनुष्का मंगलवार शाम दिल्ली से टोयोटा वेलफायर कार से वृंदावन पहुंचे और एक होटल में ठहरे। बुधवार तड़के वे फॉर्च्यूनर गाड़ी से केली कुंज आश्रम पहुंचे। आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि दोनों निर्धारित समय से पहले ही पहुंच गए थे और आम श्रद्धालुओं के साथ बैठकर सत्संग सुना। कार्यक्रम के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

जाम में फंसी गाड़ी, प्रशंसकों की भीड़

आश्रम से निकलते समय केली कुंज आश्रम के बाहर उनकी गाड़ी ट्रैफिक जाम में फंस गई। जैसे ही लोगों को गाड़ी में विराट कोहली के होने की जानकारी मिली, प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने में पुलिस को करीब 15 मिनट का समय लगा।

सत्संग में दीक्षा और शरणागति पर प्रवचन

सत्संग के दौरान प्रेमानंद महाराज ने ‘दीक्षा’ और ‘पूर्ण शरणागति’ के अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि दीक्षा, पूर्ण शरणागति की पहली सीढ़ी है। यह समझने का विषय है कि मन, वचन और व्यवहार से केवल श्रीजी (राधा रानी) पर ही पूर्ण भरोसा होना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे अर्जुन के रथ को स्वयं भगवान चला रहे थे, उसी प्रकार पूर्ण शरणागत व्यक्ति के जीवन की बागडोर भी ईश्वर संभालते हैं।

हम सब श्रीजी के हैं” — प्रेमानंद महाराज

बातचीत के दौरान अनुष्का शर्मा ने कहा, “महाराज जी, हम आपके हैं और आप हमारे।” इस पर प्रेमानंद महाराज ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया, “हम सब श्रीजी के हैं। आनंदपूर्वक रहो, भगवान के आश्रित रहो। अपने काम को भगवान की सेवा समझो। जब तक भगवान न मिल जाएं, यात्रा रुकनी नहीं चाहिए।”आश्रम में विराट और अनुष्का की सादगी और श्रद्धा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भी प्रभावित किया।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version