अलीगढ़/इगलास। मंडलीय स्तर पर आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय आरोग्य शिविर एवं पशु मेले को सफल बनाने के लिए पशु चिकित्सा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभा कटियार के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारी गांव-गांव जाकर व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
यह पशु मेला 18 फरवरी से लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। शिविर में पशुओं के रख-रखाव, निःशुल्क दवाओं का वितरण, विभिन्न रोगों का निदान, नियमित टीकाकरण, रोगग्रस्त पशुओं की चिकित्सा तथा पशु सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
मंडल स्तर के अधिकारी और पशु चिकित्सक किसानों व पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों के बारे में जागरूक करेंगे तथा उन्हें प्रोत्साहित भी करेंगे।

डॉ. प्रभा कटियार ने बताया कि आरोग्य शिविर के सफल आयोजन के लिए डॉक्टरों और कर्मचारियों की पांच टीमें गठित की गई हैं।
फारमाशिस्ट धर्मेंद्र कुमार, कांति प्रसाद, डोली एल ई ओ, डॉक्टर प्रदीप कुमार शर्मा, डॉक्टर नदीम, डॉक्टर प्रतीक पवन, डॉक्टर मनोज बघेल, डॉक्टर राजेश कुमार, अपने अपने कर्मचारियों सहित वाहनों के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों और पशुपालकों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पशुपालक इस शिविर का लाभ उठाएं और अपने पशुओं को स्वस्थ एवं सुरक्षित रख सकें।
रिपोर्ट – संजय भारद्वाज