फतेहाबाद/आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण को लेकर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में यूपीएमआरसी द्वारा वन विभाग के सहयोग से आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के मड़ायना गांव, डौकी कास्टिंग यार्ड के निकट 5,000 पौधों का विशाल वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण अभियान में यूपीएमआरसी के अधिकारियों, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों, परियोजना से जुड़े कर्मचारियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। अभियान का उद्देश्य परियोजना क्षेत्र और उसके आसपास हरियाली बढ़ाना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना तथा दीर्घकालिक पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना है।
इस दौरान आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने कहा कि सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) आगरा मेट्रो की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरी परिवहन के विस्तार के साथ-साथ ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना भी उतना ही आवश्यक है। बड़े स्तर पर पौधारोपण से न केवल पारिस्थितिक संतुलन मजबूत होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थानीय समुदाय में जागरूकता और सहभागिता भी बढ़ती है।यूपीएमआरसी द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियानों का आयोजन कर हरित भविष्य की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

