फतेहाबाद/आगरा: थाना निबोहरा परिसर में रविवार दोपहर 12 बजे महिला सशक्तिकरण के तहत पुलिस ने एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से जागरूक करते हुए सलाह दी कि यदि कोई मनचला युवक उन्हें परेशान करे तो घबराना नहीं चाहिए। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए स्वयं जागरूक रहना और तत्काल पुलिस को सूचना देना आवश्यक है।अपराध इंस्पेक्टर मोहम्मद आसिफ ने अभियान में उपस्थित लोगों को विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इनमें वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस कंट्रोल नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल थे।पुलिस ने महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए कानूनों के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सचेत करना था।कार्यक्रम के दौरान अपराध इंस्पेक्टर मोहम्मद आसिफ, उप निरीक्षक राकेश कुमार, छेदीलाल, राधेश कुमार, जितेंद्र कुमार, संजीव कुमार, प्रधान रेखा देवी और सोनिका देवी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

