फतेहाबाद/आगरा: थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव पल्टुआपुरा में शनिवार सुबह घूरे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब 9 बजे दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद पथराव, लाठी-डंडों के साथ फायरिंग भी होने लगी। संघर्ष में दोनों पक्षों से एक-एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिलाओं को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, पल्टुआपुरा निवासी दाताराम के परिवार का गांव के पास स्थित घूरे पर लंबे समय से कूड़ा डालने को लेकर विवाद चल रहा है। पड़ोसी रामेश्वर पक्ष घूरा डालने का विरोध कर रहा था। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया।
हंगामे के दौरान पथराव और लाठी-डंडों के साथ फायरिंग की गई, जिसमें दाताराम पक्ष की कमला देवी को लाठी डंडे से और रामेश्वर पक्ष की पिंकी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद लाया गया।इंस्पेक्टर निबोहरा जयनारायण सिंह ने बताया कि प्रथम जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है।
आरोप है कि विवाद के दौरान रामेश्वर ने पहले दाताराम पक्ष की महिला को गंभीर रूप से घायल किया, इसके बाद अपनी ही पत्नी पिंकी को तमंचे से गोली मार दी, ताकि पूरे मामले में दूसरे पक्ष पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा सके। घटना के बाद पुलिस गांव पहुँची तो रामेश्वर मौके से फरार हो गया। इतना ही नहीं, वह घायल पत्नी को देखने के लिए अस्पताल भी नहीं पहुंचा।इंस्पेक्टर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रामेश्वर हाथ में तमंचा लिए दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिशें दे रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

