फतेहाबाद/आगरा: थाना फतेहाबाद पुलिस टीम ने नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में वांछित एक अभियुक्त एवं एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 जून 2024 को किशोरी के भाई ने थाने पर तहरीर देकर अवगत कराया था कि उनकी बहन 27 मई 2024 को दोपहर करीब 2 बजे कपड़े लेने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इस संबंध में थाना फतेहाबाद में अभियोग पंजीकृत किया गया था। इस मामले में पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही थी।
शुक्रवार को थाना फतेहाबाद पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फिरोजाबाद रोड स्थित लोहिया कट के पास से मुकदमे में आरोपी रवि निषाद पुत्र श्यामलाल निवासी मोहल्ला कानूनगोयान, कस्बा व थाना फतेहाबाद तथा एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 8 जुलाई 2024 को अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में संलिप्त तीन अभियुक्तों को 5 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान, उपनिरीक्षक श्रीकांत वर्मा, उपनिरीक्षक सागर सिंह एवं महिला उपनिरीक्षक शिवानी मलिक शामिल रहे।पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

