फतेहाबाद/आगरा: क्षेत्र के पुरा कोरियन, पक्का चमरपुरा, भीकनपुर और सारंगपुर सहित कई गांवों के ग्रामीण रेलवे लाइन के किनारे बनाई गई बाउंड्री वॉल के विरोध में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार को धरना 12वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि बाउंड्री वॉल निर्माण से गांवों के संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे द्वारा अंडरपास की व्यवस्था नहीं किए जाने से मरीजों, गर्भवती महिलाओं और किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में देरी हो रही है, वहीं किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरण खेतों तक ले जाने में कठिनाई हो रही है।
धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे सारंगपुर निवासी 50 वर्षीय हेतसिंह पुत्र कृपाल सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें तेज बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत है। बावजूद इसके वह धरना स्थल पर ही लेटे हुए हैं और आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

