🔹गणतंत्र दिवस पर नहीं फहराया जा सका तिरंगा

आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में पुलिस थानों और चौकियों के कायाकल्प को लेकर बड़े स्तर पर कार्य किए गए हैं। आधुनिक भवन, साइन बोर्ड, राष्ट्रीय प्रतीक और मूलभूत सुविधाओं से लैस पुलिस परिसर शासन की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं।
लेकिन आगरा जनपद के थाना शमशाबाद क्षेत्र अंतर्गत कस्बा धिमिश्री स्थित पुलिस चौकी इन दावों से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करती नजर आ रही है।
धिमिश्री पुलिस चौकी पर कई महीनों से कोई आधिकारिक साइन बोर्ड नहीं लगा है, जिससे आम नागरिकों को चौकी की पहचान तक स्पष्ट नहीं हो पाती। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती है, बल्कि सरकार की कायाकल्प योजना पर भी सवाल खड़े करती है।

गणतंत्र दिवस पर नहीं फहराया जा सका तिरंगा

मामला यहीं नहीं थमता। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर, जब पूरा देश राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान में एकजुट दिखाई दिया, उसी दिन इस पुलिस चौकी पर तिरंगा नहीं फहराया जा सका। यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए हैरान करने वाला और चिंताजनक रहा।

राष्ट्रीय पर्व के दिन किसी पुलिस चौकी पर तिरंगे का न फहराया जाना केवल एक चूक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ा गंभीर विषय माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार इस विषय में ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रश्न यह है कि जब जनपद स्तर पर पुलिस परिसरों का व्यापक कायाकल्प हो रहा है, तो धिमिश्री पुलिस चौकी इस प्रक्रिया से क्यों अछूती रह गई?

क्या संबंधित अधिकारियों ने कभी मौके पर जाकर स्थिति का जायज़ा लिया?

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस ओर संज्ञान लेता है या फिर यह पुलिस चौकी यूँ ही पहचान और सम्मान दोनों से वंचित बनी रहेगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version