सीसीटीवी में कैद हुई सनसनीखेज वारदात, पुलिस जांच में जुटी |

फतेहाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद |

पीड़ितों ने बताई थी दूध टंकी चोरों की पहचान|

रिपोर्ट 🔹सुशील गुप्ता

फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बसई अरेला के नगला भरी गांव निवासी दो युवकों सुनील और अतुल को दबंगों ने बीच बाजार से गाड़ी समेत अगवा कर लिया। दोनों युवक अपने ताऊ की दुकान पर बैठे थे, तभी करीब एक दर्जन दबंगों ने दुकान पर धावा बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले जमकर मारपीट की और फिर दोनों को जबरन एक मैक्स गाड़ी में ठूंसकर उठा ले गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

चोरी की सूचना देना पड़ा महंगा:

दो दिन पहले नगला भरी गांव में दूध की टंकियों की चोरी हुई थी। सुनील और अतुल ने चोरों की पहचान कर पुलिस को सूचना दी थी। इससे बौखलाए चोरों ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों का आरोप:

परिजनों ने बताया कि पीड़ित युवक जब दूध लेकर कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में चोरों की गतिविधियों का पता चला था और उन्होंने नामजद जानकारी पुलिस को दी थी। इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।

पुलिस की कार्रवाई:

फतेहाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवी प्रसाद तिवारी ने बताया कि पीड़ित सुनील के पिता गोपाल सिंह की तहरीर पर 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

कुछ ही घंटों बाद आरोपी युवक और गाड़ी को नगला भरी गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।


error: Content is protected !!
Exit mobile version