मुरैना/मप्र: भारत सरकार एवं संचालनालय महिला एवं बाल विकास मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत मुरैना शहरी क्षेत्र के बिहारी कॉन्वेंट स्कूल मुरैना एवं उत्तमपुरा फाटक बाहर मुरैना में 02 नुक्कड नाटक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
नुक्कड नाटक कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुरीति के विरूद्ध आवाज उठाने और समाज में जन जागरूकता का लोकल भाषा में प्रचार-प्रसार किया गया। नुक्कड नाटक के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता के संबंध में आम नागरिकों को सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।
नुक्कड नाटक कलाकारों द्वारा जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत संदेश को उपस्थित नागरिकों ने सराहा। नुक्कड नाटक के माध्यम से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के विभिन्न कानूनी प्रावधानों से जन सामान्य को जागरूक किया। इसके साथ ही अधिनियम अंतर्गत जो दण्ड के प्रावधान है, उनके बारे में विशेष तोर से सभी को बताया। विभिन्न हेल्पलाईन नम्बर 1098, 112 एवं 181 की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला पुलिस थाना प्रभारी श्रीमती नेहा शर्मा, स्कूल संचालक श्री पवन गुप्ता, स्कूल प्रिंसीपल श्रीमती शिल्पी जैन, प्रशासक वन स्टॉप सेंटर श्रीमती अपूर्वा चौधरी, आईसीपीएस स्टाफ, संरक्षण अधिकारी श्री बृजराज शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती प्रीति बघेल एवं आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्कूल के बालक, बालिकायें एवं शिक्षकगण तथा स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही।
- रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार खान

