मुरैना/मप्र: कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने निर्माण विभागों से संबंधित समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय-सीमा वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर भूमि संबंधी समस्याएं हैं, उनका निराकरण संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर कराया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जो ठेकेदार निर्माण कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं अथवा कार्य में अनावश्यक विलंब कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाए। उन्होंने नए प्रपोजल शीघ्र प्रारंभ करने, डीपीआर में आवश्यक संशोधन कराने तथा सर्किट हाउस का प्रस्तावित प्लान शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव सहित संबंधित विभागों के कार्यपालन यंत्री एवं अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

ईआरईएस विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री मनीष सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा कुल 19 कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात हाउसिंग बोर्ड एवं ब्रिज कॉर्पोरेशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जो कार्य भूमि संबंधी मुद्दों के कारण प्रारंभ नहीं हो सके हैं, उन्हें संबंधित अधिकारी एसडीएम से समन्वय स्थापित कर निराकृत कराएं तथा कार्य प्रारंभ करें।

इसके साथ ही एनएचएआई एवं पीआईयू विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई कार्यों में बाधा उत्पन्न होने की जानकारी संज्ञान में आने पर कलेक्टर ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पीडब्ल्यूडी विभाग की समीक्षा में कार्यपालन यंत्री श्री अनवेश प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग के अंतर्गत 127 कार्य संचालित हैं, जिनकी कुल लंबाई 87 किलोमीटर है तथा इनकी स्वीकृत लागत 454 करोड़ रुपये है। सभी कार्य प्रगतिरत हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चंबल नहर का पानी अंतिम छोर (टेल) तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभाग के अंतर्गत संचालित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि अगली बैठक में सभी विभागों की प्रगति स्पष्ट रूप से परिलक्षित होनी चाहिए। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा जिला विकास एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की कार्यवाही के आधार पर चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली गई।

  • रिपोर्ट – जिला ब्यूरो चीफ मुरैना मुहम्मद इसरार

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version