आगरा। थाना न्यू आगरा के दयालबाग चौकी क्षेत्र में मंगलवार  को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। जान से मारने की कोशिश और अवैध शस्त्र रखने के एक आरोपी ट्रांसयमुना निवासी राज चौहान के जेल से छूटने के बाद उसके समर्थकों ने बड़े स्तर का जुलूस निकाल दिया, जिससे इलाके में भारी अव्यवस्था फैल गई। राज चौहान को लगभग 1 साल बाद जमानत मिली थी।

जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे, जिसके चलते खंदारी बाईपास पर यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। ऑफिस टाइम होने की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी भीड़ कैसे इकठ्ठी होने दी गई और पुलिस व प्रशासन की नजर इस पर कैसे नहीं पड़ी?

पुलिस ने जब स्थिति बेकाबू होती देखी तो तत्काल कार्रवाई की। मौके से 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया और जुलूस निकालने तथा मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही 12 नामजद और लगभग 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

सूत्रों के अनुसार राज चौहान आलोक यादव की तरह अपना गैंग संचालित करने के तौर-तरीकों को अपनाता है और उसके समर्थकों का यह जुलूस शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि एक अपराध मामले से जमानत पर बाहर आए व्यक्ति के लिए सैकड़ों लोगों का जुलूस निकालना कानून व्यवस्था पर सीधा प्रहार नहीं तो क्या है?

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि ऐसे जुलूस बिना अनुमति के निकलते रहे, तो शहर की यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों खतरे में पड़ जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version