बरसाना (मथुरा)। विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली एवं लठामार होली के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज, बरसाना के ग्राउंड में सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्रीफिंग के उपरांत जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख चौराहों, मार्गों, संकरी गलियों तथा मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मंदिर तक जाने वाले सभी मार्ग सुगम एवं अवरोध मुक्त रहें।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे अपना सामान दुकानों के अंदर ही रखें और सड़क या मार्ग पर अतिक्रमण न करें। साथ ही ढकेल, रेहड़ी, पटरी एवं ठेला आदि को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विश्व प्रसिद्ध होली महोत्सव के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं और सभी अधिकारी निरंतर निगरानी बनाए रखेंगे।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version