मथुरा। मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इलाहाबाद उच्च न्यायालय एवं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार तथा जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर/सदस्य सचिव श्री चन्द्र प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से सभी सम्मानित मीडिया बंधुओं को सूचित किया है कि श्री बांके बिहारी जी मंदिर परिसर में मान्यता प्राप्त, पंजीकृत एवं अधिकृत मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश पर किसी भी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विधिवत मान्यता प्राप्त एवं पंजीकृत मीडिया कर्मी मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। हालांकि, अनाधिकृत,अपंजीकृत,गैर-मान्यता प्राप्त एवं भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले यूट्यूबर्स तथा सोशल मीडिया संचालकों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन के अनुसार,ऐसे अनधिकृत व्यक्तियों की गतिविधियों के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा का सामना करना पड़ता है और मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन व्यवस्था प्रभावित होती है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।मंदिर प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया है कि प्रवेश के समय सभी मीडिया प्रतिनिधि अपना मान्य पहचान पत्र/आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि सभी मीडिया बंधु नियमों का पालन करते हुए मंदिर की गरिमा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखेंगे।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version