मथुरा। जनपद मथुरा के थाना राया क्षेत्र अंतर्गत कोयल रेलवे फाटक के समीप सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पाकर कस्बा राया चौकी प्रभारी उज्जवल शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version