फतेहाबाद/आगरा: आगरा में एक संविदा स्वास्थ्य कर्मी के बीमारी के बाद निधन होने पर उनके साथी स्वास्थ्य कर्मियों ने एकजुट होकर एक कोष एकत्रित किया। यह राशि मृतक कर्मी की पत्नी को आर्थिक सहायता के तौर पर भेंट की गई। कुल 1 लाख 55 हजार रुपये की धनराशि मृतक के परिवार को सौंपी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेतपुर कला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात ब्लॉक लेखा प्रबंधक संजीव राठौर का निधन 27 दिसंबर को हो गया था। उनके असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
संविदा कर्मचारी संघ आगरा की पहल पर, संविदा के 147 स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर यह सहायता राशि जुटाई। यह धनराशि संजीव राठौर की धर्मपत्नी कामिनी को उनके घर पहुंचकर भेंट की गई।
इस दौरान संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का नेतृत्व फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एवं संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के जिला अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. विनय कुमार, आलोक कुमार यादव, मनीष निगम, दामोदर, लकी व्यास, एनएचएम यूनियन अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, कुलदीप राणा, रूबी बघेल, कुलदीप भारद्वाज, डॉ. विजय सिंह और विकास तिवारी सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

