आगरा।
आगरा जनपद की वर्षों से उपेक्षित और जनजीवन से सीधे जुड़ी एक गंभीर समस्या को फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने संसद के पटल पर मजबूती के साथ उठाया है। लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत उन्होंने आगरा–चंदौसी–तांतपुर कोट (CAT मार्ग) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार का ध्यान इस अत्यंत महत्वपूर्ण लेकिन अधूरे मार्ग की ओर आकृष्ट कराया।

आगरा के लिए जीवनरेखा है CAT मार्ग

सांसद राजकुमार चाहर ने सदन को अवगत कराया कि चंदौसी–आगरा–तांतपुर कोट मार्ग आगरा जनपद के लिए महज एक सड़क नहीं, बल्कि एक जीवनरेखा समान संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और अंतरराज्यीय यातायात इसी सड़क पर निर्भर हैं।

अधूरा राष्ट्रीय राजमार्ग, बढ़ता जाम और दुर्घटनाओं का खतरा

उन्होंने बताया कि चंदौसी से आगरा तक का मार्ग पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा चुका है और वहां निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है, लेकिन आगरा से तांतपुर व कोट तक का हिस्सा अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित नहीं किया गया है। इसी कारण यह मार्ग अधूरा पड़ा है।
इस अधूरे हिस्से पर भारी यातायात दबाव बना रहता है, जाम की समस्या आम हो गई है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

तीन राज्यों को जोड़ने वाला मार्ग, टुकड़ों में देखना गलत

सांसद चाहर ने दो टूक कहा कि यह मार्ग केवल आगरा जनपद तक सीमित नहीं है। राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा से आने-जाने वाले भारी वाहनों का नियमित आवागमन इसी रास्ते से होता है। ऐसे में इस सड़क को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर देखना पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने कहा कि जब यह मार्ग एक निरंतर संपर्क पथ है, तो इसे अधूरा छोड़ना आगरा सहित पूरे क्षेत्र के साथ अन्याय है।

राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से विकास को मिलेगी रफ्तार

सांसद राजकुमार चाहर ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आगरा से तांतपुर व कोट तक के शेष हिस्से को शीघ्र राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाए। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक व औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version