फतेहाबाद/आगरा: डौकी के गांव नगला भोला में मिशन शक्ति टीम के तहत थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 15 ग्राम पंचायतों की महिलाओं को 1090 वीमेन पावर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं शिशु हेतु एंबुलेंस, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने महिलाओं को साइबर क्राइम के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षा उपायों के बारे में विशेष जानकारी भी दी। इसके अलावा महिलाओं को महिला हेल्प डेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला साइबर सैल जैसी सुरक्षा सुविधाओं के बारे में बताया गया।
सरकारी योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान जैसी योजनाओं की जानकारी भी महिलाओं को प्रदान की गई, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
थानाध्यक्ष ने इस मौके पर महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या संकट की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

