मुरैना/मप्र: मध्यप्रदेश में पशुपालन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘’दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’’ की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अभियान के अंतर्गत संचालन पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले की 478 ग्राम पंचायतों के 811 ग्रामों एवं नगर परिषदों के 161 वार्डों में निवासरत ऐसे पशुपालकों का सर्वेक्षण किया जा रहा है, जो 10 या 10 से अधिक दुधारू पशु पालते है।
अभियान के दौरान पशु चिकित्सक गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों से सीधा संवाद कर उन्हें पशु पोषण, स्वास्थ्य, नस्ल सुधार, रोग नियंत्रण एवं बेहतर दुग्ध उत्पादन के उपायों की जानकारी दे रहें है। यह अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा, जिसका पहला चरण 2 अक्टूवर से 9 अक्टूबर तक चलेगा। पशुपालकों को जागरूक करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारी उनकी समस्याओं को भी सुनकर समाधान प्रदान कर रहे हैं। अभियान के माध्यम से सरकार का लक्ष्य पशुपालकों को तकनीकी जानकारी देकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और उनकी आय में सुधार लाना है, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इससे लाभान्वित हो सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।
उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. बीके शर्मा ने बताया कि सम्पूर्ण प्रदेश के साथ मुरैना जिले में भी 2 अक्टूवर से दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान शुरू हुआ है। अभियान का प्रथम चरण 09 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के लिए जिले में नियुक्त 250 कार्यकर्ता 10 या 10 से अधिक गौवंश रखने वाले पशु पालकों से व्यक्तिश संपर्क कर रहे हैं। साथ ही 25 पशु चिकित्सक, 06 पशु विस्तार अधिकारी व एक पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अपने-अपने कार्य क्षेत्र में अभियान का पर्यवेक्षण किया जा रहा है। अभियान के तहत सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी, मैत्री द्वारा पशु पालकों से ग्रह भेंट की जा रही है। पशुपालकों को पशु पोषण स्वास्थ एवं नस्ल सुधार के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। पशुओं में टैग लगाने सम्बधी जानकारी भी एकत्र की जा रही है। मुरैना जिले में 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक अभी तक कुल 8693 पशुपालक से पशुपालन विभाग के 250 कर्मचारियों द्वारा संपर्क किया जा चुका है।
उप संचालक पशुपालन ने सोमवार को पोरसा के ग्राम धर्मगढ़ में भ्रमण किया
‘’दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’’ के तहत पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. बीके शर्मा ने सोमवार को पोरसा विकासखण्ड के ग्राम धर्मगढ़ पहुंचकर अभियान का जायजा लिया। पशुपालकों को अभियान के संबंध में जानकारी प्रदान की।
- जिला ब्यूरो चीफ मुरैना – मुहम्मद इसरार खान