आगरा। खंदौली कस्बे में स्थित लाला प्यारेलाल धर्मशाला शुक्रवार रात उस समय जंग के मैदान में तब्दील हो गई, जब दुल्हन की मेकअप आर्टिस्ट के देर से आने पर दोनों पक्षों में जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चल पड़े, कई लोग घायल हो गए और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। हालांकि, थाने में करीब दो घंटे तक चली पंचायत के बाद सुलह हुई और शादी की रस्में पूरी की गईं। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई भी संपन्न हो गई।
मेकअप आर्टिस्ट की देरी बनी विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, रामनगर, खंदौली निवासी सराफा कारोबारी के बेटे की शादी सादाबाद क्षेत्र की युवती से तय हुई थी।
शादी का आयोजन खंदौली रोडवेज बस स्टैंड के सामने प्यारेलाल धर्मशाला में रखा गया था।
दुल्हन के मेकअप के लिए वर पक्ष ने खंदौली के ही एक ब्यूटी पार्लर से मेकअप आर्टिस्ट बुक की थी। लेकिन मेकअप आर्टिस्ट समय पर नहीं पहुंचा।
देर होती देख दुल्हन के पिता का धैर्य टूट गया और उन्होंने वर पक्ष को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में पहले कहासुनी, फिर गर्मागर्मी और अंततः हाथापाई शुरू हो गई।
कुछ लोगों ने लाठी-डंडे भी उठा लिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि दूल्हे का भाई भी घायल हो गया।
पुलिस पहुंची तो थाने में चली पंचायत
झगड़े की सूचना पर खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह विवाद को शांत कराया।
दोनों पक्षों को थाने लाया गया, जहां आपसी आरोप-प्रत्यारोप के बाद पंचायत बुलाई गई।
करीब दो घंटे की बातचीत के बाद दोनों परिवारों में सुलह हो गई।
पुलिस की मौजूदगी में तय किया गया कि शादी की रस्में नियत कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएंगी।
तनाव के बीच पूरी हुई शादी, सुबह हुई विदाई
समझौते के बाद दोनों पक्ष धर्मशाला लौटे और शादी की रस्में पूरी की गईं।
हालांकि, मेकअप आर्टिस्ट विवाद के बाद माहौल में तनाव और ठंडापन साफ झलक रहा था।
वर-वधु पक्ष के चेहरों पर खुशी की बजाय संकोच और असहजता देखने को मिली।
शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई संपन्न हुई, जिसके साथ यह विवादित विवाह समारोह आखिरकार समाप्त हुआ।

