विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

फतेहाबाद/आगरा|जिला नजर- सुशील गुप्ता (संवाददाता)
कस्बा फतेहाबाद में शनिवार को ब्लॉक के समीप स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में सर्व हिंदू समाज का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और समाजसेवियों की उपस्थिति ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बना दिया। सम्मेलन के दौरान पूरे क्षेत्र में हिंदू एकता, सनातन संस्कृति और राष्ट्र जागरण का संदेश गूंजता रहा।

हिंदू अपने आचरण को भूलता जा रहा है” — स्वामी लोकेशानंद अवधूत

सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी लोकेशानंद अवधूत जी महाराज ने कहा कि आज हिंदू सम्मेलन की आवश्यकता इसलिए पड़ी है क्योंकि हिंदू समाज अपने मूल आचरण और संस्कारों से दूर होता जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा—

“जब तक प्रत्येक हिंदू के मन, वचन और कर्म में यह भाव नहीं आएगा कि वह हिंदू है, तब तक हिंदू राष्ट्र की स्थापना संभव नहीं है।”

स्वामी लोकेशानंद ने हिंदू-हिंदू के बीच शोषण को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि जिस दिन यह शोषण समाप्त हो जाएगा, उस दिन कोई भी शक्ति देश को हिंदू राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकेगी।
उन्होंने समाज को जाति और धर्म में बांटने वाले नेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए ऐसे तत्वों के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया।

“भारत को तोड़ने की मानसिकता पहले भी देश को खंडित कर चुकी है” — स्वामी कृष्णि नागेन्द्र

सम्मेलन में स्वामी कृष्णि नागेन्द्र ने ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को कमजोर करने की मानसिकता रखने वाले तत्वों ने अतीत में देश को भारी नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि मुगल काल में जबरन धर्मांतरण जैसे कृत्य हुए और आज आवश्यकता है कि ऐसे लोगों को पुनः सनातन धर्म से जोड़ने के लिए संगठित अभियान चलाया जाए।

RSS वक्ता भावेन्द्र का संदेश — “वसुधैव कुटुम्बकम्”

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वक्ता भावेन्द्र ने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल सिद्धांत “वसुधैव कुटुम्बकम्” है, जो पूरे विश्व को एक परिवार मानने की सीख देता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करें और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आएं।

विशाल हवन-पूजन से हुआ सम्मेलन का शुभारंभ

विराट हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ विशाल हवन-पूजन के साथ हुआ। मंत्रोच्चार के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति दी। पूरा मेला ग्राउंड वैदिक मंत्रों और धार्मिक वातावरण से गूंज उठा।

मातृशक्ति की रही उल्लेखनीय भागीदारी

सम्मेलन में जहां हजारों की संख्या में सर्व हिंदू समाज के लोग शामिल हुए, वहीं मातृशक्ति की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिलाओं की भारी उपस्थिति यह संकेत देती है कि हिंदू समाज की महिलाओं में भी सनातन और हिंदुत्व के प्रति तेजी से जागरूकता बढ़ रही है।

व्यवस्था रही सराहनीय

भीषण ठंड के बावजूद आयोजकों द्वारा सम्मेलन की बेहतरीन व्यवस्थाएं की गईं।
सुबह से ही आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे रहे। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, वैसे-वैसे बैठने, सुरक्षा और अनुशासन की उचित व्यवस्था की जाती रही, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। मेला ग्राउंड देखते ही देखते खचाखच भर गया।

ये रहे प्रमुख रूप से शामिल

विराट हिंदू सम्मेलन में अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, आनंद शर्मा, देवेंद्र त्यागी, भाजपा वरिष्ठ नेता नितिन वर्मा, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष मुन्नालाल त्यागी, नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता शल्या, प्रतिनिधि रवि प्रकाश शल्या, बजरंग दल संयोजक डोंगर सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश परिषद सदस्य आनंद गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमाकांत गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य अनिल गुर्जर, भाजपा जिला मंत्री बबीता चौहान, आलोक गुप्ता बछरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

__________

error: Content is protected !!
Exit mobile version