अलीगंज/एटा: अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मद नगर बझेरा में इंस्टाग्राम पर विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी, ससुर और भाभी के साथ मारपीट की। घटना में पत्नी रजनी, उनके पिता रामसनेही और भाभी प्रिया घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। पीड़ित पत्नी रजनी ने आरोप लगाया है कि उनके पति अनार सिंह इंस्टाग्राम पर किसी अन्य महिला से बातचीत करते हैं। जब रजनी ने इसका विरोध किया और पति को इंस्टाग्राम का उपयोग करने से मना किया, तो अनार सिंह ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
रजनी के पिता रामसनेही ने बताया कि 2 तारीख को भी उनके दामाद अनार सिंह ने रजनी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह मायके आ गई थी। रामसनेही के अनुसार, आज अनार सिंह ने फोन करके रजनी को बुलाया और आश्वासन दिया कि अब मारपीट नहीं होगी। जब वे रजनी को छोड़ने गए, तो अनार सिंह ने उनकी बेटी और बहू प्रिया के साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पर रामसनेही को भी लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे उनके बाएं पैर के घुटने और सीधी बाजू में चोटें आईं।
घायल रजनी की भाभी प्रिया ने बताया कि उनके नंदोई (अनार सिंह) अक्सर उनकी नंद (रजनी) के साथ मारपीट करते हैं। रजनी और अनार सिंह के चार बच्चे हैं और उनकी शादी को 13 साल हो चुके हैं। प्रिया ने आरोप लगाया कि आज उनके नंदोई और उनके परिजनों ने उनके ससुर रामसनेही, नंद रजनी और उनके साथ मारपीट की। इस मामले पर अलीगंज के थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि यह पति-पत्नी के बीच का विवाद है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया था। पुलिस को तहरीर मिल गई है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
- रिपोर्ट – सुनील गुप्ता

