बस्ती।जिले में पशु क्रूरता की एक बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रुधौली थाना क्षेत्र के मुंगरहाज़ चौराहे पर एक सनकी व्यक्ति ने बेजुबान कुत्तों पर अपनी हैवानियत का कहर बरपाया। आरोपी ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक दर्जन से अधिक कुत्तों के मासूम पिल्लों और उनकी मां को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी कलीमुल्लाह, जो मैनी गांव का निवासी बताया जा रहा है, कहीं जा रहा था तभी एक कुत्ते ने उसे काट लिया। इसी बात से गुस्साए कलीमुल्लाह ने अपना आपा खो दिया और मुंगरहा चौराहे पर मौजूद कुत्तों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने एक के बाद एक नन्हे-नन्हे पिल्लों को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला और उनकी मां को भी नहीं छोड़ा। खून से सनी इस खौफनाक वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत कुत्तों के शवों को गड्ढा खुदवाकर दफन कराया। इस निर्मम घटना से स्थानीय लोगों का दिल दहल गया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलदीप ने बताया कि कलीमुल्लाह नामक व्यक्ति को एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसने कुत्ते और उसके 12 बच्चों को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बीएनएस की धारा 170, 126 और 35 के तहत कार्रवाई की है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
वहीं, हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिला महामंत्री विनय सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए इस अमानवीय कृत्य में शामिल आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और ऐसे लोगों को कठोर सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी बेजुबानों पर अत्याचार करने की हिम्मत न कर सके।

शिवेश शुक्ला मंडल ब्यूरो चीफ, बस्ती (जिला नज़र सोशल & प्रिंट मीडिया न्यूज़ नेटवर्क) शिवेश शुक्ला एक प्रतिबद्ध और अनुभवी पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता में 10 वर्षों की दक्षता रखते हैं। बीते 5 वर्षों से 'जिला नज़र' में मंडल ब्यूरो चीफ पद पर कार्यरत हैं, वे निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ जनसरोकार से जुड़ी खबरों की मुखर आवाज बने हुए हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version