अलीगढ़|जिला नजर | संजय भारद्वाज
देह दान कर्तव्य संस्था द्वारा आयोजित 119वें नेत्रदान कार्यक्रम में प्रतिभा कॉलोनी निवासी 95 वर्षीय लाला राम शर्मा के नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस नेक कार्य से दो लोगों की जिंदगियां नई रोशनी से जगमगा सकेंगी।
लाला राम शर्मा की अंतिम इच्छा को सम्मान देते हुए उनके परिवार ने नेत्रदान का फैसला लिया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. एस.के. गौड़ को उनके पोते प्रांजल का फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनके दादा का निधन हो गया है और वे संस्था के सदस्य थे। डॉ. गौड़ ने तुरंत जे.एन. मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग के डॉ. मुहम्मद शाकिब से संपर्क किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. गौड़ ने कहा, “यदि आप मरणोपरांत भी आनंदित होना चाहते हैं, तो नेत्रदान के लिए आज ही संकल्प लें। नेत्रदान न केवल दृष्टि पाने वाले व्यक्ति को जीवन देता है, बल्कि यह मृतक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।” उन्होंने नेत्रदान की महत्वपूर्णता पर जोर देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रो. सिमी जका उर रब, प्रो. जिया सिद्दीकी, डॉ. तेजल, डॉ. जूमा, देव, अजय राणा, शमीम सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस नेत्रदान से न केवल दो व्यक्तियों को नई दृष्टि मिलेगी, बल्कि यह समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बनेगा।

