गोवर्धन, मथुरा। विश्वप्रसिद्ध राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला 2025 का शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और प्रशासनिक समर्पण के अनूठे संगम के साथ हुआ। पवित्र गोवर्धन परिक्रमा में भाग लेने आए लाखों श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और पर्यटकों का प्रशासन द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघश्याम सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अभिनव जे. जैन सहित अन्य अधिकारियों ने स्वयं उपस्थित रहकर परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए।
पुष्पवर्षा का दृश्य अत्यंत मनोहारी और भावविभोर कर देने वाला था। पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति की भावनाओं से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन के इस भावपूर्ण स्वागत पर प्रसन्नता जताई और कहा कि इससे उनकी आस्था को नई ऊर्जा मिली है।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली।
श्रद्धा के इस महापर्व को पुष्पवर्षा ने वास्तव में चार चांद लगा दिए। यह आयोजन प्रशासन और जनता के बीच सौहार्द और सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।