मथुरा। श्री बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास जनसुविधाओं के विकास एवं निर्माण परियोजना के तहत भूमि क्रय की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसी क्रम में सोमवार को एक और रजिस्ट्री संपन्न की गई। अब तक कुल 7 रजिस्ट्रियां पूर्ण हो चुकी हैं, जिनमें लगभग 900 वर्ग मीटर भूमि का क्रय किया जा चुका है।इस पुनीत कार्य के अंतर्गत विक्रेता श्री राधे कृष्ण पाठक ने लगभग 70 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित की। यह प्रक्रिया मंडलायुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई।माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशन में यह कार्य पारदर्शिता एवं विधिक प्रक्रिया के अनुरूप किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य आगामी दो माह के भीतर अधिकांश रजिस्ट्रियां पूर्ण कराना है। प्रभावित निवासियों को पर्याप्त मुआवजा, दुकान के बदले दुकान तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मिणी विहार में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा सुगम प्रवेश-निकास द्वार शामिल हैं। इससे संकरी गलियों में होने वाली भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन अधिक व्यवस्थित हो सकेंगे।प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का समावेश इस परियोजना की विशेषता होगी। हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर व सुदृढ़ व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version