मथुरा/गोवर्धन। देश की राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज परिवार सहित गोवर्धन धाम पहुँचीं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला गोवर्धन दौरा रहा, जहाँ उन्होंने गिरिराज महाराज के दर्शन किए और पूरे श्रद्धा भाव से सात कोस की पैदल परिक्रमा भी पूर्ण की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गिरिराज जी की परिक्रमा कर दिल्ली में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की मनौती मांगी। उन्होंने कहा कि गोवर्धन की यह पवित्र धरती उन्हें आंतरिक शांति और ऊर्जा प्रदान करती है।

गोवर्धन आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री ने कोसी कोट वन क्षेत्र में स्थित केडीएम ग्रीन्स बायो सीएनजी प्रोजेक्ट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हरित ऊर्जा की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि दिल्ली तथा देश को स्वच्छ ऊर्जा की ओर अग्रसर करने में ऐसे प्रोजेक्ट्स की भूमिका अत्यंत अहम है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं पारिवारिक सदस्य भी उपस्थित रहे।


राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version