फतेहाबाद/आगरा: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सिपाही केशव देव यादव का पार्थिव शरीर रविवार दोपहर थाना फतेहाबाद क्षेत्र के उनके पैतृक गांव अहीरपुरा पहुंचा। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

ग्रामीणों, रिश्तेदारों और पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों की बड़ी संख्या अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी। हर आंख नम थी और परिजन रो-रोकर बेहाल थे। सिपाही केशव देव यादव वर्तमान में जिला अलीगढ़ सासनी गेट थाना में तैनात थे। उनके आसमजिक निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, मृतक सिपाही अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्र देव और चार माह की पुत्री देवेसी को छोड़ गए हैं। उनकी शादी चार वर्ष पूर्व रचना से हुई थी। बताया जा रहा है कि वह रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

गौरतलब है कि शनिवार शाम फिरोजाबाद के गोंदई गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस बल की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस कर्मियों ने सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार एवं थाना प्रभारी फतेहाबाद तरुण धीमान मौजूद रहे और दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। गांव अहीरपुरा में हर व्यक्ति दिवंगत सिपाही को नम आंखों से याद कर रहा है।

  • रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version