फतेहाबाद/आगरा: उत्तर प्रदेश पुलिस की डौकी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 22.500 किलोग्राम चोरी की चांदी, दो तमंचे .315 बोर, कारतूस और 1750 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास लंबा बताया जा रहा है और ये कई जिलों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। रविवार को थाना डौकी पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जंगजीत सिंह डिग्री कॉलेज के गेट के पास टूंडला रोड, वाजिदपुर से घेराबंदी कर छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। नाम व पता पूछने पर उन्होंने अपने नाम धर्मवीर पुत्र मूलचंद , सत्यवीर पुत्र मूलचंद निवासीगण गढ़ी निर्भर थाना पचोखरा फिरोजाबाद, मेघराज पुत्र दीवान, मनोज पुत्र गोलीराम निवासीगण ग्राम झोरियांन थाना पिनाहट, अनिल यादव पुत्र मुंशीलाल यादव निवासी सुदामा नगर, मुर्गी वाली गली, थाना उत्तर, फिरोजाबाद,तथा रामवीर पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम नगला दया, थाना बसई मोहम्मदपुर, फिरोजाबाद शामिल हैं।
बरामद हुआ भारी मात्रा में चोरी का माल : पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब साढ़े 22 किलो चांदी बरामद की, जिसमें चांदी की अंगूठियां, कड़े, छोटे-बड़े कुंडल, पायल, तार, शिवलिंग, गड़ा, मछली और बिछुआ सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे 315 बोर, कारतूस और 1750 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
दिल्ली के ज्वेलर्स शोरूम से की थी चोरी : पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद चांदी 14 फरवरी को दिल्ली के आरके पुरम स्थित चौहान ज्वेलर्स की दुकान से चोरी की गई थी। थाना आरके पुरम पुलिस से संपर्क करने पर घटना की पुष्टि हुई है।
शमसाबाद और निबोहरा थानों में कर चुके हैं चोरी की वारदातें :
अभियुक्तों ने थाना शमशाबाद, निबोहरा,अछनेरा तथा अन्य क्षेत्रों में भी घरों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। चोरी के माल को बेचकर प्राप्त रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ कई थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
पहले करते थे रैकी: अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे पहले बंद मकानो और दुकानों की अच्छी तरह से रैकी करते थे। इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
ये रहे टीम में शामिल: थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, सचिन तोमर, कपिल तोमर, राहुल कुमार , अशोक कुमार, अभिषेक सिंह ,शुभम कुमार तथा एसओजी प्रभारी रजत शर्मा शामिल थे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

