फतेहाबाद/आगरा: तहसील क्षेत्र के ककरीली गांव में एक मकान में दरार पड़ जाने से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों क्षेत्र में हुई लगातार बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने के कारण राम हरि पुत्र राम रतन के मकान की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं।
अचानक हुए इस नुकसान से मकान की मजबूती कमजोर हो गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। पीड़ित परिवार को हर समय जान-माल के नुकसान का डर सता रहा है।बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद मकान की दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं, जो समय के साथ बढ़ती जा रही हैं। इससे परिवार के लोग घर में रहने से भी घबरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई गंभीर घटना घट सकती है। पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ है।
घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वार्ड नंबर 41 एवं बीडीसी राजू वर्मा अपने समर्थकों के साथ ककरीली गांव पहुंचे और पीड़ित राम हरि के घर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। राजू वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान में सरकार द्वारा सहायता दिए जाने का प्रावधान है और वे प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त मकान का जल्द सर्वे कराया जाए और पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा दिया जाए, ताकि वे सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

