श्री राधा वृन्दावन चंद्र ने नौका रूपी कुंज महल में दिये भक्तों को दिव्य दर्शन



वृन्दावन। चंद्रोदय मंदिर में चल रहे त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का समापन रविवार को नौका विहार महोत्सव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र के श्रीविग्रह को पालकी शोभायात्रा के माध्यम से मंदिर प्रांगण स्थित कल्याणी तक लाया गया, जहाँ उन्हें नौका रूपी कुंज महल में विराजमान कर नौका विहार कराया गया। ठाकुरजी के इस अलौकिक एवं मनोहर नौका विहार दर्शन का दृश्य देखते ही बनता था।

भक्तों ने नौका, कल्याणी तथा मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के पुष्पों से भव्य रूप से सजाया। पुष्पों से सुसज्जित नौका पर विराजमान श्री राधा वृन्दावन चंद्र के दर्शन से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। हर ओर “राधा वृन्दावन चंद्र की जय!” के जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंजायमान रहा।

शयन आरती के दौरान भक्तों ने दामोदर अष्टकम का सामूहिक गान किया तथा दीपदान कर ठाकुरजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस पावन अवसर पर इस्कॉन बैंगलोर के विभिन्न केंद्रों से आए भक्तगणों सहित मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और अन्य राज्यों से भी सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने नौका विहार महोत्सव को दिव्य, अद्भुत और अविस्मरणीय बताया।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version