आगरा। आगरा के रोहता गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान की सीढ़ियों के पास खून से सना महिला का शव बरामद हुआ। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब सीढ़ियों से बहते खून पर पड़ी, तो पूरे गांव में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान पड़ोस में रहने वाली करीब 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। पूनम अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी और जूते की हील बनाने का काम कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।

रात में घर से निकली, सुबह मिला शव

मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रविवार रात करीब 9 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सुबह जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो पास ही एक मकान की सीढ़ियों से खून बहता दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका पर जब लोग पास पहुंचे, तो वहां पूनम का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देख बेटी बदहवास हो गई और परिवार में कोहराम मच गया।

आठ साल से पति से अलग रहकर बच्चों की परवरिश

पूनम के दो बेटे और एक बेटी हैं। वह पिछले करीब आठ वर्षों से पति से अलग रह रही थी और अकेले ही बच्चों की जिम्मेदारी निभा रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में रहकर नौकरी करता है। सीमित संसाधनों के बावजूद पूनम मेहनत-मजदूरी कर बच्चों का भविष्य संवारने में जुटी थी, लेकिन किसी अज्ञात हमलावर ने उसकी जिंदगी बेरहमी से खत्म कर दी।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, जांच तेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का सुराग मिल सके।

एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version