आगरा: जिले के एशिया के सबसे बड़े दवा कारोबार केंद्र फुब्बारा मार्केट में रविवार शाम को औषधि विभाग ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई की। शाम करीब 4 बजे 15 टीमों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने किया। विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अभी भी जारी है और देर रात तक चल सकती है।

खरीद-फरोख्त और स्टॉक की गहन जांच:

टीमें मुख्य रूप से माहेश्वरी मार्केट में थोक दवा व्यापारियों पर फोकस कर रही हैं। उन्होंने खरीद-फरोख्त रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक की गहन जांच की। उपलब्ध स्टॉक और रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। कई दुकानों से संदिग्ध दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। सप्लाई चेन, बिलिंग पैटर्न और किसी भी अवैध लेनदेन की पड़ताल जारी है।

हींग की मंडी और खिन्नी गली में भी छापे:

कार्रवाई सिर्फ एक बाजार तक सीमित नहीं रही। हींग की मंडी समेत अन्य मार्केट में भी एक साथ छापेमारी हुई। खिन्नी गली में कारोबारी प्रदीप की दुकान पर टीम पहुंची, लेकिन मालिक मौके से फरार हो गया। विभाग ने दुकान का पूरा स्टॉक और दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मोंटू के ठिकाने और विश्वनाथ फार्मा पर दबिश:

विश्वनाथ फार्मा पर भी छापा मारा गया। इसके अलावा सैंपलिंग कार्य से जुड़े मोंटू नामक व्यक्ति के ठिकाने पर टीम ने दबिश दी। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं सैंपलिंग प्रक्रिया में कोई अनियमितता तो नहीं हुई।

‘स्पास्मो’ नशीली दवा का बड़ा खुलासा:

सबसे चौंकाने वाली बात – माहेश्वरी मार्केट की तीसरी मंजिल पर ‘स्पास्मो’ नामक नशीली दवा का एक पूरा कार्टून लावारिस अवस्था में मिला। इसके साथ अन्य दवाओं के कार्टून भी पाए गए। टीम ने तत्काल प्रभाव से सभी संदिग्ध दवाओं को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ये दवाएं किस फर्म से आईं और बिना दस्तावेज के यहां कैसे पहुंचीं।

कार्रवाई का मकसद और प्रभाव:

औषधि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी। रिकॉर्ड, स्टॉक और सैंपल की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। इस संयुक्त छापेमारी को शहर में अवैध दवा कारोबार, नशीली दवाओं की सप्लाई और नकली दवाओं पर बड़ी चोट माना जा रहा है। फुब्बारा मार्केट से आसपास के कई जिलों में दवाएं सप्लाई होती हैं, इसलिए यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र के लिए अहम है।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version