मथुरा। जनपद मथुरा में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आज थाना शेरगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में दो संदिग्ध व नोटोरियस गांव—विशंबरा और जंघावली—में एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 06 राजपत्रित अधिकारी, 13 थाना प्रभारी और 240 आरक्षी/मुख्य आरक्षी शामिल रहे। प्रतिबिंब पोर्टल द्वारा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने सक्रिय आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर छापेमारी की।
जंघावली से 11, विशंबरा से 23 गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई के दौरान ग्राम जंघावली से 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 17 आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं ग्राम विशंबरा से 23 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 28 आरोपी भागने में सफल रहे। इस प्रकार कुल 34 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 45 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
सिंडिकेट बनाकर कर रहे थे ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर साइबर फ्रॉड को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से 08 पहले भी जेल जा चुके हैं। इनके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड और कई मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जब्त मोबाइल फोन की जांच साइबर टेक्निकल टीम द्वारा की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो आईएमईआई नंबर का प्रयोग कर 18 साइबर फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दिया गया। अन्य राज्यों से भी संपर्क कर मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
मथुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
