फतेहपुर सीकरी/आगरा: आगरा–जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी बाईपास मोड़ के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा करीब सुबह 11 बजे हुआ, जब भरतपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान चरण सिंह, छाया (उम्र लगभग 13 वर्ष) और नवीन के रूप में हुई है। सभी राजस्थान के भरतपुर जिले के बंसी पहाड़पुर, रूपवास क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों अपने गांव से फतेहपुर सीकरी होते हुए आगरा की ओर जा रहे थे।
सूचना मिलते ही सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए आगरा के एसएन अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार छाया की हालत नाजुक बनी हुई है।
चौकी इंचार्ज अनुज शर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर

