फतेहाबाद/आगरा: बैनामा प्रक्रिया में पेनकार्ड को अनिवार्य रूप से कम्पलसरी किए जाने के विरोध में बार एसोसिएशन फतेहाबाद के अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते तहसील परिसर में न्यायिक एवं रजिस्ट्री से संबंधित कार्य प्रभावित रहे और वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर ने बताया कि शासन द्वारा बैनामा में पेनकार्ड अनिवार्य किए जाने का निर्णय अधिवक्ताओं एवं आम जनता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री की निर्धारित रेट सूची में स्पष्ट प्रावधान है कि यदि किसी व्यक्ति के पास पेनकार्ड उपलब्ध नहीं है, तो वह फार्म नंबर-60 भरकर बैनामा प्रक्रिया पूरी कर सकता है।उन्होंने बताया कि इसके बावजूद पेनकार्ड को अनिवार्य किया जाना नियमों के विपरीत है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।
बार एसोसिएशन ने इस निर्णय का विरोध करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक इस आदेश को वापस नहीं लिया जाता और पूर्व की व्यवस्था लागू नहीं की जाती, तब तक अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रहेगी। वहीं हड़ताल के कारण तहसील में बैनामा सहित अन्य कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर के साथ अधिवक्ता पंकज कुमार गुप्ता, विष्णु गुर्जर, धर्मसिंह राजपूत, मोहन सिंह, रामबाबू वर्मा, उमाशंकर शर्मा, देवेंद्र कुशवाहा, जयपाल सिंह, निरंजन सिंह एवं सुभाष चंद्र शर्मा , दिनेश शर्मा, दिनेश पाठक, अनिल गुर्जर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

