आगरा| जिला नजर! बाह तहसील के हिंगोट खेड़ा गांव में रहने वाले भारद्वाज परिवार में रविवार को खुशियों के बीच एक भावुक कसक भी महसूस की गई। सुभाष भारद्वाज और सुनीति भारद्वाज के बड़े बेटे ऋषि भारद्वाज, जो वर्तमान में अमेरिकी क्रिकेट टीम के असिस्टेंट बैटिंग कोच हैं, अपने छोटे भाई मुनि की शादी में शामिल नहीं हो सके। जबकि वे उस समय भारत में ही मौजूद थे।
यह शादी समारोह रायपुर में आयोजित हुआ था। शादी से पहले जब मुनि को पता चला कि उनके बड़े भाई नहीं आ पाएंगे, तो वे शादी टालने पर अड़ गए। माता-पिता के समझाने के बाद ही वे तैयार हुए। पिता सुभाष भारद्वाज ने बताया कि ऋषि अमेरिकी टीम के साथ 1 फरवरी को भारत पहुंचे थे। टीम का व्यस्त कार्यक्रम और जिम्मेदारियां ऐसी थीं कि वे रायपुर नहीं जा सके। बेटा देश में था, लेकिन परिवार के साथ नहीं – यह बात दिल को कचोटने वाली रही।
ऋषि की पत्नी गौरी अमेरिका में डॉक्टर हैं और अमेरिकी नागरिक हैं। उनका मूल नाम सिंपसन है, जबकि गौरी नाम सास-ससुर ने रखा। बाह के आशुतोष नेहरू ने कहा कि हिंगोट खेड़ा जैसे छोटे गांव से निकलकर अमेरिका की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना ऋषि की बड़ी उपलब्धि है। लेकिन इस सफलता की कीमत उन्हें भाई की शादी जैसे अनमोल पलों से दूर रहकर चुकानी पड़ी।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए अमेरिकी टीम मुंबई में थी, जहां उन्होंने 7 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेला। व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं के कारण पारिवारिक क्षणों को छोड़ना कई सफल व्यक्तियों की कहानी है, जो सफलता और परिवार के बीच संतुलन की चुनौती को दर्शाती है।


