अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन सीएम ग्रिड) के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दो कार्यदायी संस्थाओं पर कुल 18 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है। यह कार्रवाई शहरवासियों को विश्वस्तरीय सड़कें उपलब्ध कराने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।
फेज-01, पैकेज-02: देरी पर 15 लाख का जुर्माना
सीएम ग्रिड फेज-01, पैकेज-02 के अंतर्गत खैर रोड, गूलर रोड, रेलवे रोड सहित चार प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य में गंभीर देरी सामने आई। इस पर मैसर्स पी.पी.एस. बिल्डर्स, बुलंदशहर पर 15 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि फर्म को 3 अक्टूबर 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। मूल पूर्णता तिथि 2 जनवरी 2026 थी, जिसे फर्म के अनुरोध पर 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया। बावजूद इसके कार्य अपेक्षित गति से नहीं हुआ।
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन के सहयोग से यातायात डायवर्जन की पूरी व्यवस्था कराई गई, लेकिन फर्म द्वारा पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और श्रमिक नहीं तैनात किए गए। अब फर्म को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिदिन तय प्रगति सुनिश्चित करे, अन्यथा प्रतिदिन 5 लाख रुपये तक अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा।
फेज-02: व्हाइट टॉपिंग में गुणवत्ता की कमी पर 3 लाख का जुर्माना
सीएम ग्रिड फेज-02 के अंतर्गत कृषि फार्म हाउस चुंगी से केला नगर चौराहा होते हुए ख्वाजा गार्डन, दोदपुर तक की सड़क के व्हाइट टॉपिंग (कंक्रीट) कार्य में गुणवत्ता संबंधी गंभीर खामियां पाई गईं। इस पर मैसर्स ए.बी. इंफ्राजोंन प्राइवेट लिमिटेड, अलीगढ़ पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि Excess Water Content (अत्यधिक पानी की मात्रा) के कारण दो जगहों पर लगभग 3 मीटर चौड़ाई में दरारें विकसित हो गई हैं। यह निर्माण मानकों की उल्लंघन को साफ दर्शाता है।
नगर आयुक्त का सख्त संदेश
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट कहा,
“सीएम ग्रिड सड़कों की गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहरवासियों के पैसे से बन रही इन सड़कों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण और समीक्षा जारी रहेगी। जो भी फर्म मानकों पर खरी नहीं उतरेगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”
यह कार्रवाई सीएम ग्रिड योजना को समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने की दिशा में नगर निगम की प्रतिबद्धता को दोहराती है। अलीगढ़ में सीएम ग्रिड के तहत कई प्रमुख सड़कें बन रही हैं, जिनसे यातायात और सुंदरता दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- संजय भारद्वाज

