आगरा: आगरा के थाना बाह (बटेश्वर) क्षेत्र के गांव बिजकौली (विजकौली) में रविवार (21 दिसंबर) सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे दीवार के पास अलाव ताप रहे और ताश खेल रहे सात लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हैं।
हादसा गांव निवासी जोर सिंह प्रजापति के मकान में हुआ, जहां बेसमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार सुबह करीब 11 बजे दीवार के पास उत्तम सिंह (50), धर्मेंद्र सिंह (42), सुनील कुमार (38), हीरालाल (60-65), रामेंद्र सिंह (58), कल्लू (32) और योगेश (45) अलाव ताप रहे थे। अचानक दीवार गिरने से सभी मलबे में दब गए।
शोर सुनकर गांव के 50 से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथों व फावड़ों से मलबा हटाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी सातों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया।
आगरा में इलाज के दौरान हीरालाल (60-65) और योगेश (45) की मौत हो गई। शेष पांच घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे का कारण:
प्राथम दृष्टया बेसमेंट में मिट्टी की भराई के बाद अधिक पानी डालने और नमी से दीवार कमजोर हो गई। सूरज न लगने से दीवार सूख नहीं पाई, जिससे दबाव बढ़ा और वह गिर गई। प्रशासन सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रहा है।
सूचना पर एसडीएम बाह, चौकी इंचार्ज और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और जांच शुरू कर दी गई है। गांव में शोक का माहौल है।

