आगरा। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाह ड्राइविंग की घटनाओं के बीच जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगरा कॉलेज के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा “सड़क सुरक्षा: मानव व्यवहार एवं जिम्मेदारी” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा की आदत के रूप में विकसित करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी एवं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
“सड़क सुरक्षा नियम नहीं, जिम्मेदारी है”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने कहा कि आग और पहिया मानव सभ्यता की सबसे बड़ी उपलब्धियां हैं, लेकिन इनका गैर-जिम्मेदार उपयोग समाज के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों से नहीं, बल्कि जिम्मेदार व्यवहार से सुनिश्चित होती है, और इसके लिए सुरक्षित यातायात संस्कृति का निर्माण आवश्यक है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि परिवहन आज जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है, लेकिन अनुशासन के अभाव में यही सुविधा अभिशाप का रूप ले लेती है। उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों को बोझ नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच के रूप में अपनाने की अपील की।
उप सड़क परिवहन आयुक्त आलोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “तेज़ चलना सफलता नहीं, सुरक्षित पहुंचना ही असली सफलता है।” धैर्य और सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
विद्यार्थियों को मिला अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि एक क्षण की लापरवाही पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक और सजग चालक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिव कुमार सिंह ने मद्यपान, मानसिक तनाव और जल्दबाजी में वाहन चलाने को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इससे बचने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग पालीवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. पूनम चांद द्वारा प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई जागरूकता
सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित निबंध, चित्रकला, क्विज, भाषण और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
-
निबंध प्रतियोगिता: पार्थ सिंह
-
चित्रकला: शिफा फातिमा
-
क्विज: आकाश यादव
-
भाषण: अभिषेक पाल सिंह
-
नुक्कड़ नाटक: सुमित कुमार एवं टीम — प्रथम स्थान
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। कॉलेज प्रशासन ने इसे सड़क सुरक्षा के प्रति एक सार्थक और सकारात्मक पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

