आगरा: जिले के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में सोमवार देर रात (23 फरवरी 2026) एक बड़ा हादसा टल गया। रामबाग चौकी पुलिस और गोताखोरों की त्वरित कार्रवाई से यमुना नदी में बह रहे एक युवक की जान बच गई। घटना जवाहर पुल के पास की है, जहां एक गेल गैस कर्मचारी की सूझबूझ और पुलिस की मुस्तैदी ने चमत्कार कर दिखाया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:35 बजे गेल गैस कर्मचारी धर्मवीर यादव गैस लाइन की रूटीन चेकिंग के दौरान जवाहर पुल से गुजर रहे थे। उनकी नजर यमुना में बहते एक व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे और रामबाग चौकी प्रभारी अरुण बिलगैया ने जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर गोताखोर सनी और सुरेंद्र को बुलाया। टीम ने समन्वित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू किए गए युवक ने अपना नाम लाखन सिंह (37 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय भजनलाल, निवासी नगला नेहरा, थाना खंदौली बताया। लाखन सिंह के अनुसार, वह नारायच श्मशान घाट पर आया था। शराब के नशे में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह यमुना में गिरकर बहने लगा।

पुलिस ने बिना देरी युवक को प्राथमिक उपचार दिलवाया और जिला अस्पताल आगरा भिजवाया। परिजनों को भी सूचना दे दी गई। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर पुलिस, गोताखोरों और धर्मवीर यादव की तत्परता की जमकर सराहना हो रही है। कई लोग इसे “पुलिस की असली ड्यूटी” का उदाहरण बता रहे हैं।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version