आगरा: जिले में चल रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं (2026) के दौरान एक बड़ा नकल कांड सामने आया है। मियापुर स्थित आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या-03 में परीक्षार्थियों को जोर-जोर से बोलकर उत्तर बताए जा रहे थे। यह सुनियोजित नकल का मामला कंट्रोल रूम की लाइव मॉनिटरिंग और CCTV फुटेज से उजागर हुआ।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी की निगरानी चल रही थी। अचानक संदिग्ध बातचीत और प्रश्नों के उत्तर जोर से बताए जाने की आवाजें सुनाई दीं। ऑडियो स्पष्ट होने पर अधिकारियों ने तुरंत गंभीरता दिखाई और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को मौके पर भेज दिया।
मौके पर जांच में पुष्टि हुई कि कक्ष में शिक्षक/कर्मचारी या कोई अन्य व्यक्ति परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर उत्तर सुना रहे थे। यह नकल रैकेट सुनियोजित तरीके से चल रहा था, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं। मामले की रिपोर्ट तुरंत जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर को भेजी गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने इसे परीक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और संबंधित शिक्षकों/कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का साफ कहना है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

