आगरा: फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पारोली सिकरवार में बुधवार सुबह खुशी का माहौल मातम में बदल गया। पड़ोसी के घर नवजात बेटे के जन्म पर गुड़ बांटने के कार्यक्रम में अचानक लाइसेंसी राइफल से गोली चल गई, जो सामने खड़े युवक अजय उर्फ कठेरिया (32) के सीने में जा लगी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की वजह बताई जा रही है कि गांव निवासी विवेक सोमवार को पिता बने थे। खुशी में बुधवार सुबह उनके घर कार्यक्रम था, जहां 30-35 ग्रामीण जुटे थे। गांव का ही सुभाष शर्मा अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर पहुंचा और कारतूस लोड कर रहा था। तभी राइफल से गोली चल गई। अजय कार्यक्रम में शामिल होकर काम पर जाने वाला था।

मृतक की पत्नी शिखा का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सुभाष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि चार साल पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित हत्या है। सुभाष कई बार धमकियां दे चुका था।

सूचना पर पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हथियार कब्जे में ले लिया और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीसीपी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है। परिजनों ने पुरानी रंजिश का जिक्र किया है। जांच चल रही है कि यह हर्ष फायरिंग थी या जानबूझकर वारदात। राइफल का लाइसेंस, घटना के समय हथियार किसके हाथ में था – सबकी गहन पड़ताल हो रही है। कई ग्रामीणों से पूछताछ शुरू हो गई है।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version