आगरा: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) आगरा मंडल का कार्यकर्ता सम्मेलन आज गोविंद रिजॉर्ट में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी और विशिष्ट अतिथि डॉ. यशपाल बघेल ने सम्मेलन में शिरकत की। सम्मेलन की शुरुआत में भारत रत्न चौधरी चरण सिंह, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और चौधरी अजित सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया।

चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने का आह्वान

मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी ने अपने जोशीले संबोधन में कहा कि रालोद चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों की आवाज को विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचाया। ‘काम के बदले अनाज योजना’ और नाबार्ड बैंक की स्थापना उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है। त्यागी ने कार्यकर्ताओं से स्किल डेवलपमेंट अपनाने और 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रही एकता यात्राओं में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “बिना 20 सक्रिय सदस्य बनाए कोई आगे नहीं बढ़ सकता। मेहनत करने वालों को ही संगठन में स्थान मिलेगा।”

रालोद: सामाजिक न्याय की मिसाल

राष्ट्रीय महासचिव डॉ. यशपाल बघेल ने कहा कि रालोद सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की मिसाल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह ने दलित समाज से उन्हें महासचिव और अनिल कुमार को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनवाकर यह साबित किया।

ग्रामीण भारत के शिल्पकार

जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ग्रामीण भारत के शिल्पकार थे। गांवों में बिजली, शिक्षा और सड़कों की स्थिति उनकी सोच की देन है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों में निष्ठावान और जिताऊ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की घोषणा की।

सदस्यता अभियान और एकता यात्रा

सम्मेलन में 31 अक्टूबर तक चलने वाले सदस्यता अभियान को नए रिकॉर्ड स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया। कार्यकर्ताओं से एकता यात्राओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया गया।

सम्मेलन में शामिल प्रमुख नेता

सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, नरेंद्र बघेल, कुंवर नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह वर्मा, डॉ. रुपेश चौधरी, चौधरी सुजाता सिंह, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मालती चौधरी, मथुरा जिला अध्यक्ष राजपाल भरंगर, फिरोजाबाद जिला अध्यक्ष ठाकुर देशराज सिंह, आगरा महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, मैनपुरी जिला अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कुमार चंद्रा रावत ने की और संचालन मंजीत फौजी ने किया।

Exit mobile version