मोदी नगर वरिष्ठ पत्रकार सच्चिदानंद पंत का निधन केवल एक व्यक्ति का देहावसान नहीं, बल्कि पत्रकारिता की उस परंपरा का विराम है, जिसमें सच्चाई, सरलता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व सर्वोपरि थे।

मृदुभाषी स्वभाव, सहज मुस्कान और निर्भीक लेखनी के धनी सच्चिदानंद पंत जी के निधन से पत्रकार जगत में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है। मोदीनगर ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र ने एक ऐसा प्रहरी खो दिया, जो सत्ता से प्रश्न पूछने का साहस रखता था और आमजन की पीड़ा को शब्द देता था।

दीर्घकालीन अस्वस्थता के बाद गुरुवार प्रातः उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही यह समाचार फैला, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारिक वर्ग और गणमान्य नागरिकों में शोक व्याप्त हो गया। हर आंख नम थी, हर स्वर भारी — क्योंकि विदा हुआ था एक ऐसा व्यक्तित्व, जिसने जीवन भर समाचार को सनसनी नहीं, संवेदना बनाया।

चार दशकों से अधिक समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे सच्चिदानंद पंत जी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय अनेक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे। हिंदुस्तान, नवभारत टाइम्स, हिंदुस्तान न्यूज़ एजेंसी, वीर अर्जुन जैसे समाचार पत्रों में उन्होंने अपनी लेखनी से समाज को दिशा दी। विशेष रूप से पंजाब केसरी से उनका दीर्घकालिक जुड़ाव और मोदीनगर में संवाददाता के रूप में उनकी भूमिका आज भी स्मृतियों में जीवित है।

उनकी पत्रकारिता की पहचान थी — न तो झुकना, न बिकना, और न ही सच्चाई से समझौता करना।
वे उन चुनिंदा पत्रकारों में थे, जिनके लिए समाचार एक जिम्मेदारी था, व्यापार नहीं।

अंतिम संस्कार के अवसर पर श्मशान घाट पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का साक्षी था कि वे केवल पत्रकार नहीं थे, बल्कि समाज की आत्मा से जुड़े हुए व्यक्ति थे। लोगों ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सच्चिदानंद पंत जी का जाना पत्रकार जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

उनकी लेखनी भले ही आज मौन हो गई हो, लेकिन उनके शब्द, उनके मूल्य और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सत्य के पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।

जिला नजर न्यूज़ नेटवर्क परिवार की ईश्वर से कामना है कि परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिवार को यह अथाह पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।

ॐ शान्ति:! शान्ति:!! शान्ति:!!!

🌹🙏🌹

🔹पत्रकारिता ने आज अपना एक सच्चा प्रहरी खो दिया है…

error: Content is protected !!
Exit mobile version